Spread the love

लेखक -देवेश सिंह

devesh singh

आईपीएल 2022 की निराशा

इंडियन प्रीमियर लीग का 15वां संस्करण खेला जा रहा है। और एक बात जिसने सभी क्रिकेट के दर्शकों और क्रिकेट समीक्षकों को आश्चर्यचकित कर दिया है वो है मुंबई इंडियंस को निराशाजनक प्रदर्शन, किसी ने भी ऐसा नहीं सोचा होगा की मुंबई अपने आईपीएल के इतिहास की सबसे खराब प्रदर्शन करेगी। आईपीएल के इतिहास सबसे सफलतम टीमों में से एक मुंबई इंडियंस 2022 के आईपीएल में अंक तालिका में सबसे आखिरी पायदान(10वें) पर है, गौरतलब है की इस बार आईपीएल 10 टीमों के साथ खेला जा रहा है। इससे पहले आईपीएल में मुंबई इंडियंस इतना खराब प्रदर्शन केवल एक बार वर्ष 2009 में आईपीएल के दूसरे संस्करण में किया था जहा मुंबई ने सीजन का अंत अंक तालिका में 7वें स्थान पर रहकर किया था।

आईपीएल में मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन –


मुंबई इंडियंस आईपीएल के इतिहास सबसे सफल टीमों में से एक है, मुंबई ने आईपीएल ट्रॉफी को 5 बार अपने नाम किया जो की किसी भी टीम द्वारा सबसे अधिक बार है। यही नहीं मुंबई दो बार चैंपियंस लीग T20 की भी विजेता रही है। मुंबई ने अपना पहला खिताब 2011 में चैंपियस लीग t20 जीतकर हासिल किया जहां मुंबई इंडियंस ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को फाइनल में 31 रनों से हराकर ट्रॉफी जीती।

आईपीएल में मुंबई का ट्रॉफी जीतने का सिलसिला 2013 से शुरू हुआ जहां मुंबई ने अपने चिर प्रतिद्वंद्वी चेन्नई सुपरकिंग्स को फाइनल में 23 रनों से हराकर आईपीएल ट्रॉफी को पहली बार अपने नाम किया, और यही से मुंबई और चेन्नई के प्रतिद्वंद्विता बढ़ी जिसके कारण दोनो टीमों ने फाइनल 4 बार खेला है जिसमे मुंबई इंडियंस ने 3 और चेन्नई ने केवल एक बार फाइनल जीता है। इनकी इस प्रतिद्वंद्विता को आईपीएल में अक्सर “EL-CLASICO” कहा जाता है जो की फुटबॉल के दो क्लब टीमों रियल मैड्रिड और एफसी बार्सिलोना के चिर प्रतिद्वंद्विता के कारण उनके मध्य खेले जाने वाले मैच को दिए गए नामकरण से प्रेरित है।

आईपीएल में मुंबई इंडियंस कीर्तिमान(Record)-

आईपीएल में सबसे तेज़ लक्ष्य का पीछा करने का रिकॉर्ड मुंबई के नाम है। मुंबई ने ये कारनामा कोलकाता नाइट राइडर्स के विरुद्ध 2008 में खेले गए मैच में कर दिखाया था, जहां मात्र 5.2 ओवर्स में 68 रन का लक्ष्य प्राप्त कर लिया था।
मुंबई के नाम आईपीएल में सबसे बड़े रन अंतर से जीत का रिकॉर्ड भी। मुंबई ने ये कीर्तिमान 2017 में दिल्ली डेयरडेविल्स(वर्तमान में दिल्ली कैपिटल्स) के साथ हुए मैच को 146 रनों से जीतकर किया।
मुंबई 2019 में आईपीएल की पहली टीम बनी जिसने 100 आईपीएल मैच जीते।
आईपीएल में बेस्ट बॉलिंग फिगर का रिकॉर्ड भी मुंबई इंडियंस के पास है। अलजारी जोसेफ ने 2019 में सनराइजर्स हैदराबाद के विरुद्ध 3.4 ओवर्स में मात्र 12 रन देकर 6 विकेट लेकर यह रिकॉर्ड अपने नाम किया। उन्होंने सोहैल तनवीर के 11वर्ष पुराने रिकॉर्ड को भी तोड़ा था।
आईपीएल ट्रॉफी को लगातार दो बार जीतने का रिकॉर्ड मुंबई के नाम है। मुंबई ने वर्ष 2019 और 2020 में आईपीएल ट्रॉफी जीती है।


T20 प्रारूप में मुंबई इंडियंस 2019 में विश्व की पहली टीम बनी जिसने 200 टी-20 मैच खेले। इसमें आईपीएल के 178 तथा चैंपियंस लीग के 22 मैच शामिल थे।

मुंबई इंडियंस के खिलाड़ियों के व्यक्तिगत रिकॉर्ड पर एक नज़र-


रोहित शर्मा ने मुंबई इंडियंस के लिए सबसे अधिक रन बनाए है उन्होंने 190 मैचों में 30.55 की औसत और 130 की स्ट्राइक रेट से 4980 रन बनाए है। वहीं कीरोन पोलार्ड इस मामले में दूसरे स्थान पर इन्होंने 211 मैच में 28.78 की औसत और 147 की स्ट्राइक रेट के साथ 3915 रन बनाएं है।
आईपीएल के एक सीजन में मुंबई के लिए सबसे अधिक रन बनाने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है जिन्होंने 2010 के सीजन में 15मैचों में 47.53 की औसत और 132 की स्ट्राइकरेट से 618 रन बनाए और आईपीएल 2010 के सीजन में सचिन ने ऑरेंज कैप और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया।
गेंदबाजी की बात करे तो मुंबई इंडियंस के लिए सबसे अधिक विकेट लसिथ मलिंगा ने लिया है उन्होंने 139 मैचों में 19.35 की औसत और 7 की इकोनॉमी से 195 विकेट लिए है। वही दूसरे नंबर पर हरभजन सिंह है जिन्होंने 158 मैचों में 26.55 की औसत और 7 की इकोनॉमी से 147 विकेट लिए है। जसप्रीत बुमराह का नाम सूची में तीसरे स्थान पर है जहां 122 मैचों में 23.71 की औसत और 7.41 की इकोनॉमी से 145 विकेट लिए है।
आईपीएल के एक सीजन में मुंबई के लिए सबसे अधिक विकेट लेने का रिकॉर्ड लसिथ मलिंगा के नाम है जिसे उन्होंने आईपीएल 2011 में 16 मैचों में 13.39 की औसत और 5.95 की इकोनॉमी से 28 विकेट लिए और उनका बेस्ट बॉलिंग फिगर 5/13 था इस प्रदर्शन के साथ मलिंगा ने 2011 आईपीएल का पर्पल कैप अवार्ड अपने नाम किया।


मुंबई इंडियंस के लिए सबसे अधिक कैच लेने का रिकॉर्ड कीरोन पोलार्ड के नाम है जिन्होंने 211 मैचों में 113 कैच लपके है।

सफल कप्तान रोहित शर्मा


मुंबई इंडियंस के लिए सबसे सफल कप्तान रोहित शर्मा रहे है जिन्होंने 147 मैचों में कप्तानी की है जहां उन्होंने 82 मैच जीते है और 62 में हार का सामना किया है और 4 मैच टाई रही है। आईपीएल की पांचों ट्रॉफी मुंबई ने रोहित शर्मा की कप्तानी में ही जीते है, रोहित आईपीएल के सबसे सफल कप्तानों में से एक है।

आईपीएल 2022 में मुंबई इंडियंस के निराशाजनक प्रदर्शन के कारण–


मुंबई का आईपीएल 2022 में निराशाजनक प्रदर्शन का मुख्य कारण मेगा ऑक्शन में खिलाड़ियों की खरीद में की गई। मुंबई ने आईपीएल रिटेंशन नियम के अनुसार 4 खिलाड़ियों को रिटेन किया जिसमें- कप्तान रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह, कीरोन पोलार्ड और सूर्यकुमार यादव रहे। और कुछ मुख्य खिलाड़ियों को रिलीज़ किया जिसमे पंड्या बंधु, ट्रेंट बोल्ट, क्विंटन डी कॉक, मार्को येनसेन, नाथन कूल्टर नाइल, ईशान किशन, जेम्स नीशम, राहुल चाहर, एडम मिलने थे।
ऑक्शन के समय मुंबई ने ट्रेंट बोल्ट जो की मुंबई के लिए नए से बॉल विकेट लेते थे उनके स्थान पर जोफ्रा आर्चर को लिया जो की कोहनी की चोट से उबर रहे थे जिसके कारण उन्होंने 2022 के आईपीएल में भाग लेने से मना कर दिया और 2023 के सीजन में उपलब्ध होने की बात कही। इसमें मुख्य बात ये है की ट्रेंट बोल्ट को राजस्थान रॉयल्स ने 8 करोड़ में खरीदा और ठीक इतनी ही राशि मुंबई ने जोफ्रा आर्चर को खरीदने में लगाया जो की मुंबई की सबसे बड़ी गलती रही। इतना ही नहीं मुंबई ने ईशान किशन को ऑक्शन में 15.25 करोड़ रुपए में खरीदा जो की मुंबई के लिए अच्छा साबित नही हुआ और क्विंटन डी कॉक जिसे मुंबई ने रिलीज़ किया था उन्हें लखनऊ सुपरगायंट्स ने मात्र 6.75 करोड़ में खरीदा और डी कॉक इस साल लखनऊ के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे है।

उच्च क्रम की बल्लेबाज़ी की विफलता भी मुंबई के शर्मनाक प्रदर्शन की वजह रही। टीम के कप्तान रोहित शर्मा फॉर्म में नही दिखे उन्होंने अभी तक 13 मैचों में 20 की औसत से मात्र 266 रन बनाए है। और वही ईशान किशन ने पहले मैच में 81* रन बनाने के बाद कुछ खास प्रदर्शन नही किया और इस बार उन्होंने 13 मैच में 30.83 की औसत से 313 रन बनाए लेकिन उनका स्ट्राइक रेट 118 का रहा जो की आधुनिक t20 की दृष्टि से एक सलामी बल्लेबाज के लिए काफी कम है।

एक स्थिर मैच की टीम एकादश (Playing XI) ना होना भी मुख्य कारण रही मुंबई ने टीम काफी बदलाव किए जैसे मुंबई ने कुछ मैच में डीवाल्ड ब्रेविस तो कुछ मैच में टिम डेविड। कुछ में टाइमल मिल्स खेले तो कुछ में राईली मेरेडिथ खेले। तो कुल मिलाकर इस बार मुंबई इंडियंस प्लेइंग इलेवन चुनने में दुविधा में दिखी जिससे मुंबई के प्रदर्शन पर खासा असर पड़ा।

मुंबई इंडियंस के कई बड़े खिलाड़ी इंजरी के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए जिससे मुंबई टीम के प्रदर्शन पर फर्क पड़ा। जोफ्रा आर्चर की पूरे सीजन में अनुपस्थिति से मुंबई की गेंदबाजी में फर्क पड़ा। वही सूर्यकुमार यादव के बीच टूर्नामेंट में चोटिल हो जाने कर करना मुंबई की मिडिल ऑर्डर कमज़ोर दिखी सूर्यकुमार ने इस सीजन 8 मैचों में 43.29 की औसत और145.67 की स्ट्राइक रेट से 303 रन बनाए। टायमल मिल्स भी टूर्नामेंट के बीच में चोटिल हो गए जिससे मुंबई पहले से कमज़ोर तेज गेंदबाजी और कमज़ोर हो गई।

गेंदबाजी की बात करें तो मुंबई इंडियंस की गेंदबाजी निष्क्रिय दिखी शायद इसलिए भी क्योंकि मुंबई की टीम में इस बार बोल्ट और कूल्टर नाइल जैसे गेंदबाज की कमी दिखी उनके स्थान पर अनुभवहीन रायली मेरेडिथ, टाईमल मिल्स, डेनियल सैम्स जैसे गेंदबाज दिखे। डेथ ओवर्स में मुंबई ने इस बार पूरे आईपीएल में सबसे अधिक इकोनॉमी से 11.1 प्रति ओवर के रेट से रन दिए। वही मुंबई की स्पिन डिपार्टमेंट भी कमजोर दिखी मुरुगन अश्विन प्रभावशाली नही दिखे बाकी स्पिनर्स भी नए और अनुभवहीन थे।

मुंबई के बड़े खिलाड़ियों के खराब प्रदर्शन भी मुंबई इंडियंस के असफल सीजन का कारण रहा है। चाहे वो रोहित शर्मा, ईशान किशन, कीरोन पोलार्ड या फिर जसप्रीत बुमराह सभी ने अपने प्रदर्शन से निराश किया। ये सारे खिलाड़ी मुंबई के लिए सालों से प्रदर्शन कर रहे है और सारे ही मैच विनर है। परंतु इस सीजन में कुछ खास नहीं कर पाए जिससे मुंबई इंडियंस की टीम कमज़ोर भी दिखी।

आईपीएल की सबसे सफल टीम मुंबई इंडियंस का इस साल के आईपीएल सीजन में फ्लॉप शो रहा। मुंबई की टीम इस सीजन एक-एक मैच जीतने के लिए संघर्ष करती दिखी। और मुंबई इंडियंस ने निश्चित रूप से अपने प्रदर्शन से अपने प्रशंसकों को निराश किया है और ये बात उन्हे स्वयं भी पता होगी। आशा करते है की आईपीएल के अगले सीजन में मुंबई इंडियंस अपने द्वारा 2022 के सीजन में ऑक्शन में की गई गलतियों को सुधरेगी और साथ ही साथ अगले सीजन में मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी भी अच्छे फॉर्म में दिखें और मुंबई फिर से अपने पुराने अंदाज में दिखें इसलिए मुंबई को अगले सीजन की शुभकामनायें।

लेखक-देवेश सिंह

devesh singh

सर्वाधिकार सुरक्षित -Exxcricketer.com


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *